विदेश जाने का सपना संजोए कक्षा 11 के छात्र की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से छात्र का सिर कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव नवदिया हरैया, थाना अमरिया, जिला पीलीभीत निवासी 18 वर्षीय नवजोत सिंह पुत्र जसवंत सिंह शनिवार सुबह बाइक से सितारगंज स्थित आईलेट्स कोचिंग जा रहा था। जैसे ही वह गुरु का ताल आगरा गुरुद्वारा के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि नवजोत बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और अनियंत्रित होकर ट्रॉली के नीचे आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रॉली का पहिया छात्र के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और छात्र को गंभीर अवस्था में उप जिला अस्पताल, सितारगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्वजनों ने बताया कि नवजोत गांव मझौला स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा 11 का छात्र था और आगे की पढ़ाई के साथ विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। उसके पिता जसवंत सिंह विदेश में नौकरी करते हैं और हाल ही में घर लौटे थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां बदहवास हो गईं, जबकि बड़े भाई का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।



