रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के वार्ड सात शिवनगर में एक विवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय निशा मौर्या के रूप में हुई है, जिनका विवाह वर्ष 2021 में पवन मौर्या से हुआ था। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें चार वर्षीय पूजा और एक वर्षीय गौरी शामिल हैं।
परिजनों के अनुसार पवन मौर्या सिडकुल की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और शुक्रवार को रोज की तरह ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी दौरान उनके पिता विशाल मौर्या दवा लेने बाहर गए थे। घर में निशा मौर्या अपनी सास गंगा देवी और बच्चों के साथ मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि अज्ञात कारणों के चलते निशा ने घर के कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
कुछ समय बाद जब उनकी सास कमरे में पहुंचीं तो बहू को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष मोहन पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष मोहन पांडे ने बताया कि मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया जा रहा है और आत्महत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है।



