रुद्रपुर। शुक्रवार की देर रात्रि नैनीताल हाईवे पर जिला पंचायत मार्ग के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। हल्द्वानी की ओर से रुद्रपुर आ रही कार संख्या यूके-04-एन-6149 जैसे ही जिला पंचायत मार्ग के समीप पहुंची, तभी अचानक दो गोवंशीय पशुओं के बच्चे कार के सामने आ गए। चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और कार की सीधी टक्कर से दोनों पशु उछलकर हाईवे पर जा गिरे, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से चोटिल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जानकारी गौरक्षा दल के अध्यक्ष विराट आर्य को दी। सूचना मिलने के बाद गौरक्षा दल की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की सहायता से मृत गोवंशीय पशुओं को सड़क से हटवाकर विधिवत दफन कराया गया, जिससे यातायात सुचारू हो सका।
सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र बिष्ट ने बताया कि हादसे में कार चालक घायल हुआ है, जबकि दो गोवंशीय पशुओं की मौत हुई है। पुलिस द्वारा सड़क हादसे की जांच की जा रही है।



