गाली-गलौज का विरोध पड़ा भारी: मामूली कहासुनी के बाद हत्यारा बना भाजपा पार्षद, युवक को मारी गोली, 22 वर्षीय नितिन की मौके पर मौत, भाजपा पार्षद गिरफ्तार

Share the news

हल्द्वानी।

नैनीताल जनपद के हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या के मामले ने शहर में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने इस हत्याकांड में रामपुर रोड क्षेत्र के भाजपा पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी पार्षद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पार्षद को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

घटना 4 जनवरी की देर रात गायत्री होटल के पास की है। मृतक नितिन लोहनी (22) निवासी जज फार्म हल्द्वानी, अपने दोस्त कमल भंडारी के साथ गौला पार गया हुआ था। घर लौटते समय नितिन ने अपने दोस्त से कहा कि पार्षद का बेटा जय उसका मित्र है, उससे मिलते हुए चलते हैं। प्रत्यक्षदर्शी कमल भंडारी के अनुसार, जैसे ही जय के घर की डोर बेल बजाई गई, कुछ देर बाद पार्षद अमित बिष्ट बंदूक लेकर बालकनी में आ गया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर पार्षद और अधिक उत्तेजित हो गया और फायर झोंक दिया। गोली नितिन को लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कोतवाली पुलिस ने मृतक के भाई पीयूष लोहनी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी पार्षद को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद आरोपी पार्षद ने खुद को पीड़ित बताकर पुलिस को भ्रामक सूचना भी दी थी। वहीं, 5 जनवरी को भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने पत्र जारी कर हत्या के आरोप में गिरफ्तार पार्षद को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *