प्रीत विहार नंबर एक क्षेत्र से संदिग्ध हालात में लापता हुए एक वृद्ध व्यक्ति का कंकाल शुक्रवार सायं ट्रेनिंग सेंटर परिसर के भीतर स्थित एक पुराने जर्जर भवन से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। कंकाल मिलने की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
जानकारी के अनुसार प्रीत विहार नंबर एक निवासी करीब 75 वर्षीय जय सिंह पुत्र स्वर्गीय उमराव सिंह ट्रेनिंग सेंटर में सोती-बाड़ी का कार्य करते थे। वह अपनी विवाहित पुत्री विमला और दामाद के साथ रहते थे। परिजनों ने बताया कि जय सिंह बीती 27 अक्टूबर की सुबह घर से बिना किसी को बताए निकल गए थे, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटे। काफी देर तक इंतजार के बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई थी।
परिजनों के अनुसार पिछले कई महीनों से जय सिंह की लगातार खोजबीन की जा रही थी, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका। शुक्रवार की सायं ट्रेनिंग सेंटर परिसर में सफाईकर्मी ठंड से बचाव के लिए लकड़ियां बीन रहा था। इसी दौरान जब वह परिसर में बने एक पुराने और जर्जर भवन के पास पहुंचा तो वहां से तेज दुर्गंध आने लगी। संदेह होने पर उसने अंदर झांक कर देखा, जहां उसे एक कंकाल पड़ा दिखाई दिया।
सफाईकर्मी ने इसकी जानकारी तुरंत अन्य लोगों को दी, जिसके बाद खबर परिजनों तक पहुंची। सूचना मिलते ही जय सिंह के परिजन ट्रेनिंग सेंटर पहुंचे और कंकाल की पहचान जय सिंह के रूप में की। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस ने परिजनों से आवश्यक जानकारी लेने के बाद कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




