नाबालिग की कार व रेट्रो साइलेंसर वाली बुलेट सीज, कई वाहनों के चालान

डीआईजी के निर्देश पर मंगलवार देर रात शहर में पुलिस ने व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। शहर की कानून-व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई यह संयुक्त कार्रवाई रातभर जारी रही। अभियान का नेतृत्व एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने किया, जिनके साथ सीओ प्रशांत कुमार, कोतवाल मनोज रतूड़ी, एसओ मोहन चंद्र पांडे, एसआई नवीन बुधानी, एसआई महेश कांडपाल, एसआई अकरम सहित बड़ी संख्या में पुलिस टीमों को तैनात किया गया।

 

पुलिस ने इंदिरा चौक, डीडी चौक, रेलवे स्टेशन, रोडवेज और मेट्रोपोलिस समेत शहर के कई प्रमुख स्थानों पर एक साथ चेकिंग कर वाहनों की जांच की। अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से शहर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। नियमों का पालन न करने वाले कई वाहन चालकों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोपहिया वाहनों को सीज किया और कई का चालान काटा।

 

चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को कार चलाते हुए पकड़ा, जिस पर वाहन सीज कर सख्त चेतावनी दी गई। वहीं तेज आवाज वाले रेट्रो साइलेंसर का उपयोग करने पर एक बुलेट बाइक भी सीज की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।