“नगर पालिका दर्जे को लेकर सिरौली कलां में उबाल, सैकड़ों ग्रामीण डीएम दफ्तर पहुंचे—हाईकोर्ट में आज अहम सुनवाई”

Share the news

रुद्रपुर। किच्छा क्षेत्र के सिरौली कलां में नगर पालिका का दर्जा दिलाने को लेकर ग्रामीणों में गुस्सा और उम्मीद दोनों नजर आई। पूर्व ग्राम प्रधान नासिर की अगुवाई में सोमवार को सैकड़ों ग्रामीण हाथों में तख्तियां लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जोरदार तरीके से नगर पालिका घोषित करने की मांग उठाई।

 

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा कि सरकार पहले ही सिरौली कलां को नगर पालिका घोषित कर चुकी है, लेकिन बाहरी किरायेदारों द्वारा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर माहौल में भ्रम पैदा किया जा रहा है। यह मामला करीब ढाई साल से लंबित है और मंगलवार को इसकी अहम सुनवाई होनी है, जिससे पूरे क्षेत्र की निगाहें अदालत पर टिक गई हैं।

 

पूर्व ग्राम प्रधान नासिर ने कहा कि नगर पालिका बनने से क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज होगी और सुविधाएं बढ़ेंगी। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके के अधिकतर लोग स्टाम्प पर खरीदे गए मकानों में रहते हैं, जिनकी रजिस्ट्री लंबित है। वे रजिस्ट्री कराने को तैयार हैं लेकिन आवश्यक तैयारियों के लिए थोड़ा समय चाहते हैं।

 

ज्ञापन देने वालों में नाज़िम मलिक, अब्दुल हमीद, मेहदी हसन, तसब्बर अली, सत्तार, मोहम्मद नासिर, अफराज, मोहम्मद रफीक, मोहम्मद जलील अहमद, इश्तियाक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *