सनसनीखेज हत्या: पति ने पत्नी की पत्थर से हत्या कर नाले में दबाया शव, पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा

Share the news

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नारायणबगड़ क्षेत्र के छैकुड़ा गांव में बीते सोमवार 24 नवंबर को पति ने अपने ही पत्नी की हत्या कर उसका शव नाले में दबा दिया। पुलिस ने बुधवार 26 नवंबर को मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर महिला का शव बरामद कर लिया है।

 

जानकारी के अनुसार छैकुड़ा निवासी महावीर प्रसाद देवली की सोमवार दोपहर अपनी पत्नी दमयंती देवी (51) से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर महावीर प्रसाद ने पत्नी पर पत्थर से प्रहार कर उसकी मौके पर ही हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने देर रात दमयंती देवी के शव को गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित एक नाले में ले जाकर पत्थरों से दबाकर छिपा दिया, ताकि किसी को हत्या का पता न चल सके।

 

मामला तब खुला जब मंगलवार 25 नवंबर को मृतका का बड़ा बेटा विनय देवली देहरादून से घर पहुंचा। घर पर मां को न पाकर उसने पिता से पूछताछ की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आसपास पता करने पर भी जब कुछ जानकारी नहीं मिली तो विनय ने रात में ही नारायणबगड़ पुलिस चौकी में मां के लापता होने की सूचना दे दी।

 

बुधवार सुबह पुलिस टीम गांव पहुंची और जांच के दौरान महावीर प्रसाद पर संदेह गहरा गया। सख्ती से पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने नाले से दमयंती देवी का शव बरामद कर लिया।

 

थाना प्रभारी थराली विनोद चौरसिया के अनुसार शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है तथा आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *