रुद्रपुर। कैम्पा कोला की डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने के नाम पर एक युवक से करोड़ों का कारोबार दिखाकर लाखों रुपये हड़पने का सनसनीखेज मामला साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कुमाऊं में सामने आया है। पीड़ित अक्षय अग्रवाल निवासी आइडिया कॉलोनी, लालपुर ने तहरीर देते हुए बताया कि वह रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कैम्पा कोला प्रोडक्ट की डिस्ट्रीब्यूटरशिप लेना चाहता था। इसी क्रम में उसने 28 सितंबर 2025 को गूगल पर सर्च कर एक वेबसाइट के माध्यम से संपर्क किया।
पीड़ित के अनुसार ठगों ने खुद को कंपनी का अधिकारी बताकर उससे लगातार दस्तावेज और रकम जमा कराने को कहा। पहले रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर 82,010 रुपये, फिर सिक्योरिटी और स्टॉक राशि के रूप में 4,60,000 तथा 9,44,000 रुपये ट्रांसफर कराए। इसके बाद गोदाम, मार्केटिंग टीम और उसके स्वयं के नाम पर बीमा कराने का झांसा देकर 6,18,940 रुपये और अतिरिक्त 2,50,501 रुपये भी जमा करा लिए।
पीड़ित ने बताया कि जब माल भेजने की बात आई तो ठग लगातार बहाने बनाते रहे—कभी ट्रक दिल्ली में फंसा बताकर, तो कभी ड्राइवर के आगे न बढ़ने की कहानी सुनाई। बाद में जब ठगों ने रिफंड का झांसा देकर दोबारा रकम मांगी और खाते में सिर्फ 2,500 रुपये ही भेजे तो उसे धोखाधड़ी का संदेह हुआ।



