50 रुपये के लालच में पड़ोसन ने 10 साल की बच्ची को सोलर पैनल पर चढ़ाया, 25 फीट गिरकर गंभीर घायल; जबड़ा फटा, हालत नाजुक, पुलिस ने आरोपी महिला पर मुकदमा दर्ज किया।

Share the news

शास्त्री नगर में दर्दनाक हादसा – 50 रुपये के लालच में 10 साल की बच्ची की जान खतरे में

 

कोतवाली कैंट क्षेत्र के शास्त्री नगर डाकरा में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां सिर्फ 50 रुपये के लालच में पड़ोसन ने 10 वर्षीय बच्ची को अपनी दूसरी मंजिल पर लगे सोलर पैनल की सफाई के लिए भेज दिया। सफाई करते समय अचानक बच्ची का पैर फिसल गया और वह करीब 25 फीट नीचे लोहे के गेट पर बने नुकीले ग्रिल पर जा गिरी। हादसे में बच्ची का जबड़ा ग्रिल में फंस गया और उसका चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

 

घटना सुबह करीब 10 बजे हुई जब बच्ची घर के बाहर अपने छोटे भाई के साथ खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली महिला उसे 50 रुपये देने का लालच देकर अपने घर ले गई और सोलर पैनल साफ करने को भेज दिया। महिला नीचे से उसे पानी की बाल्टी दे रही थी और बच्ची छत पर चढ़कर सफाई कर रही थी। तभी अचानक उसके हाथ से बाल्टी छूट गई और वह संतुलन खो बैठी।

 

गिरने के बाद बच्ची बेहोश हो गई। आस-पड़ोस के लोग तुरंत उसे नजदीकी निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज शुरू करने से पहले 4 लाख रुपये मांगे गए। गरीब परिवार इतने पैसे जमा नहीं कर सका, जिसके बाद बच्ची को दून अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची की ठोड़ी से होठों तक गहरे घाव हैं, जबड़ा टूट चुका है और करीब 35 टांके लगाए गए हैं। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है तथा जबड़े की सर्जरी भी करनी पड़ सकती है।

 

कैंट कोतवाली प्रभारी केके लुंठी ने बताया कि बच्ची की मां की तहरीर पर आरोपी महिला के खिलाफ बाल श्रम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में यह भी आरोप है कि आरोपी महिला पहले भी 10-20 रुपये का लालच देकर बच्ची से घरेलू काम कराती थी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *