खटीमा। उधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र के कंचनपुरी मोहल्ले में बीती शाम दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 14 महीने की मासूम बच्ची की पानी भरी बाल्टी में डूबकर मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है, जबकि बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक कंचनपुरी निवासी शानू पुत्र अख्तियार शाह की 14 महीने की बच्ची सुमैया घर के आंगन में खेल रही थी। खेलते-खेलते वह हैंडपंप के पास पहुंच गई, जहां पानी से भरी बाल्टी रखी हुई थी। बताया जा रहा है कि सुमैया बाल्टी में रखे किसी बर्तन को निकालने की कोशिश कर रही थी, तभी अचानक वह सिर के बल बाल्टी में गिर पड़ी। हादसे के समय बच्ची की मां खाना बनाने में व्यस्त थी।
जब काफी देर तक बच्ची की आवाज नहीं आई तो मां ने तलाश शुरू की। हैंडपंप के पास पहुंचते ही बच्ची को बाल्टी में गिरे देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। चीख-पुकार सुनकर पिता शानू और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने सुमैया को मृत घोषित कर दिया।
मासूम सुमैया तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि छोटे बच्चों को पानी भरे बर्तनों, बाल्टियों और आसपास की जलभराव वाली जगहों से हमेशा दूर रखना चाहिए, ताकि ऐसी दुर्घटनाएं रोकी जा सकें।



