रविवार शाम हल्द्वानी में हुए बवाल के बाद आसपास के जिलों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई। करीब चार घंटे चले हंगामे के बाद हल्द्वानी पुलिस ने स्थिति काबू में कर ली, लेकिन एहतियातन ऊधम सिंह नगर से भी अतिरिक्त पुलिस बल हल्द्वानी भेजा गया।
घटना के बाद ऊधम सिंह नगर पुलिस और खुफिया एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया। काशीपुर, बाजपुर, रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज क्षेत्रों में नैनीताल से लगने वाली सीमाओं पर पुलिस ने बैरियर लगाकर रातभर वाहनों की जांच की। आने-जाने वालों के सामान की तलाशी ली गई और संदिग्धों से पूछताछ कर उनका सत्यापन किया गया।
सुरक्षा के लिहाज से जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी पुलिस और खुफिया विभाग की संयुक्त गश्त जारी रही। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए चौकसी बढ़ा दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।




