सऊदी अरब में भीषण सड़क हादसा: उमरा यात्रियों से भरी बस में आग, 45 की मौत; अधिकांश भारतीय मूल के

Share the news

सऊदी अरब में एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में 45 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में कई भारतीय, खासकर तेलंगाना के हैदराबाद के रहने वाले होने की आशंका जताई जा रही है।

यह हादसा बद्र और मदीना के बीच स्थित मुफरहाट इलाके में उस समय हुआ, जब उमरा यात्रा पर जा रहे तीर्थयात्रियों से भरी बस एक डीजल टैंकर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में भीषण आग लग गई और लगभग सभी यात्री जलकर या धुएं में घुटकर हताहत हो गए।

 

हैदराबाद पुलिस आयुक्त सीवी आनंद सज्जनार ने बताया कि 9 नवंबर को हैदराबाद से कुल 54 लोग उमरा के लिए जेद्दा रवाना हुए थे। इनमें से चार लोग कार से मदीना गए, जबकि चार लोग मक्का में ही रुके। शेष 46 यात्री एक बस से मक्का से मदीना की ओर जा रहे थे।

 

यात्रा के दौरान सोमवार तड़के 1:30 बजे, मदीना से 25 किलोमीटर पहले बस एक तेल टैंकर से टकरा गई। हादसे में 45 लोगों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार केवल एक व्यक्ति—अब्दुल शोएब—जिंदा बच पाए। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

मृतकों के हैदराबाद के मल्लेपल्ली, बाज़ारघाट, आसिफनगर और आसपास के क्षेत्रों से होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

 

बताया गया है कि हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री सो रहे थे, जिससे कोई भी समय रहते बस से बाहर न निकल सका। टक्कर के बाद आग इतनी तेज फैल गई कि बचने की कोई गुंजाइश नहीं रही।

 

इस दर्दनाक हादसे के बाद भारत स्थित परिजन और समुदाय में शोक की लहर है, जबकि सऊदी प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *