कार निकालने को लेकर विवाद में युवक पर हमला, हाथ की उंगलियां काटीं — पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा 

जसपुर। कार निकालने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर उसके हाथ की उंगलियां काट दीं। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

जसपुर खुर्द स्थित रायल सिटी निवासी अजय अग्रवाल पुत्र स्वर्गीय एस.के. अग्रवाल ने बताया कि उसका पुत्र उत्कर्ष अग्रवाल अपनी कार लेकर रायल सिटी कॉलोनी के गेट से अंदर की ओर जा रहा था। इस दौरान अंदर से एक अन्य कार आ रही थी, तो उत्कर्ष ने अपनी गाड़ी साइड में लगाकर उसे निकलने को कहा। तभी सामने वाली कार के चालक हरजीत सिंह, निवासी विला नंबर 25, रायल सिटी, ने गाड़ी रोककर उत्कर्ष को गालियां देना शुरू कर दिया।

 

बताया गया कि आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उत्कर्ष को जान से मारने की धमकी दी और अपनी कार से गंडासा निकालकर उस पर हमला कर दिया। हमले में उत्कर्ष के दाहिने हाथ की मध्य अंगुली कटकर लटक गई। शोरगुल सुनकर मौके पर पहुंचे उत्कर्ष की मां उर्वशी अग्रवाल और छोटा भाई आयु अग्रवाल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की।

 

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अजय अग्रवाल की तहरीर के आधार पर आरोपी हरजीत सिंह के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

 

➡️ थाना प्रभारी आइटीआइ का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।