रुद्रपुर के भूरारानी क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद काम पर चला गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसन ने महिला को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब न मिलने पर दरवाजा खोलकर देखा तो वह मृत अवस्था में फर्श पर पड़ी थी। मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, दुर्गा कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय मधु की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व अनिल से हुई थी। दोनों का प्रेम विवाह हुआ था। पारिवारिक विरोध के चलते दोनों अलग किराए के मकान में रहते थे और सिडकुल की एक कंपनी में काम करते थे। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद अनिल काम पर चला गया, जबकि मधु घर पर अकेली रह गई।
कुछ देर बाद जब पड़ोसी महिला मधु को खाना खाने के लिए बुलाने गई तो उसने उसे अचेत अवस्था में फर्श पर पड़ा पाया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और पति अनिल को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में अनिल ने पत्नी की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।
मृतका के परिजनों ने बताया कि छह महीने से दोनों के बीच आए दिन झगड़े हो रहे थे। इसका कारण था अनिल का किसी दूसरी महिला से फोन पर बातचीत करना। मधु को यह बात बिल्कुल पसंद नहीं थी क्योंकि उसने प्यार के बाद अनिल से शादी की थी। मधु के रिश्तेदार अंकित ने बताया कि मधु संस्कारी और मेहनती थी। उसका एक भाई पुलिस विभाग में कार्यरत है। अनिल लंबे समय तक बेरोजगार रहा, जबकि मधु नौकरी कर घर का खर्च चला रही थी।
हत्या के बाद आरोपी ने अपनी मां उर्मिला को फोन कर कहा कि “मधु मर गई है, जल्दी घर आ जाओ।” आरोपी की मां के पहुंचने से पहले ही पुलिस ने उसे कंपनी से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद अनिल ने किसी परिचित को फोन पर कहा था कि “मर गई है तो लाश को कबाड़ में फेंक दो।” पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।




