दिवाली से पहले असलहों के साथ अन्तर्राज्यीय हथियार तस्कर, उत्तर प्रदेश से लाकर जिले में करता था सप्लाई

Share the news

दिवाली से पहले एसटीएफ और गदरपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तमंचों के साथ अन्तर्राज्यीय हथियार तस्कर दबोचा गया। आरोपी के कब्जे से पांच तमंचे 315 बोर, दो तमंचे 12 बोर व एक बिना नंबर की बाइक बरामद की गई है। आरोपी उत्तर प्रदेश से लाकर जिले में तमंचों की सप्लाई करता था। आरोपी दो बार आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि सोमवार देर रात थाना गदरपुर पुलिस एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट के साथ संयुक्त अभियान चला रही थी। चेकिंग के दौरान बिलासपुर की ओर से आ रहा बाइक सवार व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर अचानक वाहन मोड़कर भागने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने उसे कुछ दूरी पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम 32 वर्षीय आजाद अली पुत्र अख्तर अली निवासी ग्राम कनकटा थाना गदरपुर बताया। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर आजाद अली काफी समय से उत्तर प्रदेश से अवैध हथियार लाकर उत्तराखण्ड में सप्लाई कर रहा था। आरोपी पहले भी दो बार आर्म्स एक्ट के मामलों में गदरपुर थाना पुलिस से जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ में उसने बताया कि वह यूपी से तमंचे मंगाकर स्थानीय अपराधियों को बेचता था। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना गदरपुर में आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। आरोपी के उत्तर प्रदेश कनेक्शन की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *