थाना ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र के शास्त्री नगर में निर्माण कार्य करा रहे एक व्यक्ति के साथ ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित गुड्डू पुत्र टीकाराम निवासी वार्ड नं. 12 शास्त्री नगर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 6 अप्रैल 2025 को मोहम्मद इसरार नामक व्यक्ति निवासी मेरठ उसके पास आया और इंडोस्टार ब्रांड की सरिया सस्ते दामों पर देने का प्रस्ताव दिया। दोनों के बीच 15 क्विंटल सरिया का सौदा 5000 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से तय हुआ।
इसरार ने सुबह करीब 11 बजे घोड़ा बुग्गी से सरिया निर्माण स्थल पर डलवाया, जिसके बाद गुड्डू ने उसे बैंक ऑफ बड़ौदा रुद्रपुर शाखा से 50 हजार रुपये नकद दिए। कुछ देर बाद इसरार, जयवीर नामक बुग्गी चालक और बालाजी सिमेंट स्टोर के मालिक मुकेश मौर्या मौके पर पहुंचे और कहा कि सरिया गलती से वहां डल गया है, जिसे वे वापस ले गए।
पीड़ित के अनुसार इसके बाद न तो सरिया लौटाया गया और न ही पैसे। जब उसने रकम मांगी तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने तीनों—मोहम्मद इसरार, जयवीर और मुकेश मौर्या—के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।



