रुद्रपुर। रम्पुरा वार्ड नं. 23 में बुधवार रात एक परिवार पर दबंगों ने धारदार हथियारों और तमंचे से जानलेवा हमला कर दिया। मामूली विवाद में शुरू हुई गाली-गलौज अचानक खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें प्रार्थी धर्मेन्द्र, उनके पिता व छोटे भाई समेत कई लोग घायल हो गए। हमले में पिता रामपाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें हल्द्वानी रेफर करना पड़ा। पीड़ित परिवार ने कोतवाली पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना 17 सितम्बर की रात करीब 10:30 बजे की है। तहरीर के अनुसार, जब मोहल्ले में कुछ लोग तेज आवाज में गाली-गलौज कर रहे थे तो धर्मेन्द्र के पिता व भाई ने उन्हें टोका। इस पर आरोपी कमल कोली, अनूप कोली, केशव कोली, अर्जुन, जैकी, अनिल, अशोक, राधेश्याम व संतोष एक राय होकर आग बबूला हो गए और हथियार लेकर घर में घुस आए।
धर्मेन्द्र ने आरोप लगाया कि केशव व राधेश्याम तलवारें, कमल गुप्ती, अनिल तमंचा, संतोष हाकी जबकि अन्य आरोपी डंडे और लोहे की रॉड लेकर पहुंचे और गालियां देते हुए हमला कर दिया। तमंचा धारक अनिल ने फायर भी किया, लेकिन संयोग से धर्मेन्द्र बच गए। बाद में तमंचे की बट उनके सिर पर मारी गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पिता रामपाल को सिर में खुली चोटें आईं और छोटे भाई किशन के पैर व शरीर पर गुम चोटें लगीं।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। मोहल्ले के लोगों की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद रामपाल को गंभीर हालत में हल्द्वानी रेफर किया।
प्रार्थी ने बताया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास है और वे अक्सर क्षेत्र में मारपीट व आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।



