रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र बंद घर में चोरों ने हाथ साफ कर लिया। घर में चोरों ने ताला तोड़कर प्रवेश किया और लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर लिया। घटना तब हुई जब परिवार अपने गांव में गया हुआ था।जानकारी के मुताबिक, कृष्णा ग्रीन कालोनी निवासी अजय सक्सेना ने बताया कि उनके दादा की हाल ही में हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में मृत्यु हुई थी। परिवार घर में ताला लगाकर अपने गांव चला गया। गुरुवार और शुक्रवार तक सीसीटीवी कैमरे मोबाइल पर ठीक से काम कर रहे थे, लेकिन शनिवार दोपहर कैमरा आफलाइन पाया गया। शक होने पर उन्होंने अपने मौसा जी को घर भेजा। मौसा जी ने जाकर पाया कि घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखा सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरी में लगभग साढ़े तीन लाख की नकदी और लाखों के जेवरात गायब हो गए हैं। मौके पर पहुंची ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी मोहन पांडे ने बताया कि आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।
बंद पड़े मकान पर चोरों ने डाला डाका, लाखों का सामान लेकर फरार



