पंतनगर। डॉल्फिन मजदूर संगठन की अध्यक्ष सुनीता ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई, साथ ही गंदी और अश्लील गालियां देकर मानसिक उत्पीड़न किया गया। आरोप है कि कंपनी के इशारे पर यह कार्रवाई की गई ताकि न्यायालय में चल रहे श्रमिकों के केस वापस लिए जाएं।
इस आरोप को लेकर सुनीता ने महिला श्रमिकों और सामाजिक संगठनों के साथ थाना ट्रांजिट कैम्प में लिखित तहरीर सौंपी। तहरीर में बताया गया कि फोन कॉल रिकॉर्डिंग और डिटेल भी थाना में प्रस्तुत की गई हैं। पीड़िता ने मांग की है कि मामले में उचित कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाए।
सुनीता ने बताया कि पहले भी उन्हें और उनके परिवार को केस वापस लेने के लिए दबाव बनाया गया। इस मौके पर प्रगतिशील महिला एकता केंद्र, परिवर्तनकारी छात्र संगठन और अन्य सामाजिक संगठनों के सदस्य भी मौजूद रहे। सभी ने कहा कि श्रमिकों पर इस तरह की धमकियां गंभीर चिंता का विषय हैं। ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रीय और राज्य महिला आयोग को भेजा जाएगा।



