देशभर में मिर्ज़ा इंटरनेशनल पर आयकर का शिकंजा, काशीपुर प्लांट पर 35 घंटे से छापेमारी

Share the news

काशीपुर। देश की प्रसिद्ध लेदर निर्यातक कंपनी मिर्ज़ा इंटरनेशनल ग्रुप पर आयकर विभाग ने टैक्स चोरी के आरोपों में बड़ी कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड और कोलकाता समेत करीब 45 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इसी क्रम में विभाग की 10 सदस्यीय टीम पिछले 35 घंटे से काशीपुर के महुवाखेड़ागंज स्थित प्लांट में डेरा डाले हुए है।

 

छापेमारी के दौरान भारी पुलिस बल फैक्ट्री परिसर में मौजूद रहा। सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई में अब तक बड़ी संख्या में दस्तावेज़, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए जा चुके हैं। शुरुआती जांच में बोगस पर्चेज और फर्जी बिलिंग का खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि देशभर में करीब 150 अधिकारी और कर्मचारी इस अभियान में लगे हैं।

 

कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर फराज मिर्ज़ा और अन्य निदेशकों से भी पूछताछ की जा रही है। मिर्ज़ा इंटरनेशनल का हेड ऑफिस कानपुर में है और यहां से गुरुवार सुबह पहुंची टीम ने काशीपुर फैक्ट्री में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। इस दौरान कर्मचारियों के मोबाइल भी जब्त कर लिए गए थे और पूरे रिकार्ड की गहन जांच की गई। शुक्रवार की शाम कर्मचारियों को मोबाइल लौटा दिए गए।

 

सूत्रों के अनुसार, पिछले एक वर्ष की उत्पादन और बिक्री से जुड़े कागजात खंगाले जा रहे हैं। टीम ने देर रात आराम के लिए गद्दे और खाना भी फैक्ट्री परिसर के अंदर ही मंगवाया और लगातार कार्रवाई जारी रखी।

 

करीब दो दशक से काशीपुर में कार्यरत इस यूनिट में कंपनी रेड टेप, थॉमस क्रिक जैसे बड़े ब्रांड के जूते और लेदर प्रोडक्ट बनाती है, जिन्हें 24 देशों में एक्सपोर्ट किया जाता है। कंपनी की यूपी, दिल्ली और नोएडा समेत कई जगह फैक्ट्रियां और ऑफिस भी हैं।

 

आयकर विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही टैक्स चोरी की वास्तविक तस्वीर साफ हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *