ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर 11.29 लाख की ठगी, पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

Share the news

रुद्रपुर। जिले में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का नया मामला सामने आया है। सितारगंज निवासी हरप्रीत सिंह ने एसएसपी ऊधमसिंहनगर को शिकायती पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि रुद्रपुर निवासी राज घई और उसकी पत्नी शशि घई ने उनके बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़प लिए।

पीड़ित के अनुसार 15 अप्रैल 2023 को राज घई से मुलाकात हुई थी। उस दौरान उसने दावा किया कि वह युवाओं को विदेश भेजने का काम करता है और गुरप्रीत सिंह को ऑस्ट्रेलिया भेज सकता है। इसके एवज में 13 लाख रुपये की डील हुई, जिसमें 1.50 लाख रुपये फाइल चार्ज तय हुए। 27 मई को आरोपी दंपत्ति पीड़ित के घर आए और 75 हजार रुपये नकद लिए। उसी दिन 25 हजार रुपये पीड़ित के परिचित से भी ले लिए। शेष रकम दिल्ली स्थित इंडसइंड बैंक के खाते में ट्रांसफर करने को कहा गया। इसके बाद अगस्त 2023 में हरप्रीत सिंह के बेटे और पत्नी के खातों से कुल 10.29 लाख रुपये ऑनलाइन भेज दिए गए। इस तरह आरोपी ने कुल 11 लाख 29 हजार 500 रुपये हड़प लिए।

 

शिकायत में कहा गया है कि काफी समय गुजरने के बाद भी बेटे को विदेश नहीं भेजा गया। 9 अगस्त 2024 को जब भाई इंद्रजीत सिंह ने आरोपी से मुलाकात की तो उसने कहा कि फाइल खारिज हो गई है और 30 अगस्त तक पूरी रकम लौटा देगा। लेकिन तय तारीख पर पैसे वापस नहीं मिले।

इसके उलट, रकम मांगने पर राज घई ने फोन पर गाली-गलौज की और धमकी दी कि यदि दोबारा पैसे मांगे तो गंभीर अंजाम भुगतना पड़ेगा। हरप्रीत सिंह ने बताया कि उन्होंने पहले सितारगंज कोतवाली में तहरीर दी थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर अब एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *