गंगा समिति बैठक में सीडीओ के सख्त निर्देश – एसटीपी जल्द शुरू करें, खुले में सीवर डालने पर कार्रवाई

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला गंगा समिति बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने पेयजल निगम और नगर निकाय अधिकारियों को स्वच्छता, सीवर प्रबंधन और कूड़ा निस्तारण पर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने एसटीपी कार्य शीघ्र पूरा कर पारदर्शी निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने बुधवार को जिला गंगा समिति की बैठक में पेयजल निगम को एसटीपी कार्य जल्द पूरा करने और टेस्टिंग कर प्लांट शुरू करने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता पेयजल निगम ने बताया कि काशीपुर एसटीपी का कार्य पूर्ण हो चुका है और टेस्टिंग जारी है।

 

सीडीओ ने नगर निकाय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सरकारी और प्राइवेट सीवर टैंक वाहनों में जीपीएस लगाकर निगरानी रखें, ताकि खुले में सीवर डालने पर रोक लगे। उन्होंने कहा कि सीवर केवल नजदीकी ट्रीटमेंट प्लांट में ही डाला जाए और उल्लंघन करने वालों पर चालान किया जाए।

 

उन्होंने कूड़ा फेंके जाने वाले स्थलों की पहचान कर वहां सीसीटीवी लगाने, दोषियों पर कार्रवाई करने और सड़क किनारे कूड़ा न दिखने की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। लिगेसी वेस्ट का नियमित निस्तारण और औद्योगिक संस्थानों के निरीक्षण के भी आदेश दिए।

 

सीडीओ ने गौला व कोसी नदियों की स्वच्छता और ड्रेजिंग के लिए संयुक्त सर्वे प्रस्ताव मांगा तथा अस्पतालों के बायोमेडिकल वेस्ट का मानकों के अनुसार निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं नामित सदस्य मौजूद रहे।