काशीपुर: फार्म हाउस में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

Share the news

काशीपुर के कुंडा थाना क्षेत्र में एक फार्म हाउस में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय राहुल पुत्र सूरज पाल, निवासी ग्राम करनपुर के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह एक व्यक्ति राहुल को गांव से पन्नू फार्म लेकर गया था। सुबह करीब साढ़े सात बजे राहुल के भाई संजय को फार्म से फोन आया कि राहुल की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। संजय जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि राहुल फार्म हाउस में एक सोफे पर बेसुध पड़ा था। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर मुरादाबाद रोड स्थित कई निजी अस्पतालों में पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।

 

घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद कुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मौत की असली वजह जानने के लिए डॉक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने की तैयारी कर रही है।

 

कुंडा थाना प्रभारी हरेंद्र चौधरी ने बताया कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। वहीं, परिजनों का कहना है कि राहुल के हाथ, गले और नाखूनों पर नीले निशान हैं, जिससे संदेह और गहराता जा रहा है।

 

क्षेत्राधिकारी (सीओ) काशीपुर दीपक सिंह ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

 

फिलहाल युवक की मौत रहस्य बनी हुई है और परिजनों की ओर से हत्या की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *