एफसीआई महाप्रबंधक ने की राशन दुकानों की जांच, वितरण प्रणाली में सुधार के दिए निर्देश

Share the news

भारत सरकार की योजना आकांक्षी जिला कार्यक्रम (एडीपी) के तहत भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के मुख्यालय के महाप्रबंधक चंद्र शेखर जोशी (सीजीएम) ने हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जनपदों की उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने किच्छा, रुद्रपुर, बाजपुर और पंतनगर क्षेत्रों में कई राशन दुकानों पर पहुंचकर खाद्यान्न वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उपभोक्ताओं से सीधा संवाद कर उनके अनुभवों और समस्याओं को भी जाना।

दुकानदारों से उन्होंने वितरण रजिस्टर, ई-पॉस मशीन की स्थिति, राशन कार्ड सत्यापन प्रक्रिया और खाद्यान्न की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण में अधिकतर दुकानों पर वितरण कार्य संतोषजनक पाया गया। हालांकि कुछ लाभार्थियों ने खाद्यान्न की गुणवत्ता को लेकर सुधार की मांग की।

कुछ स्थानों पर तकनीकी समस्याएं भी देखने को मिलीं, जैसे – इंटरनेट कनेक्टिविटी धीमी होना, रसीद मिलने में देरी, और शिकायत दर्ज करने के लिए टोल फ्री नंबर की अनुपलब्धता। इन समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।

इसके अलावा महाप्रबंधक ने सीडीओ ऊधमसिंह नगर से भी इस विषय पर चर्चा की और वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, “एफसीआई का मुख्य उद्देश्य यही है कि हर पात्र लाभार्थी तक समय से और गुणवत्तायुक्त खाद्यान्न पहुंचे।”

इस अवसर पर एफसीआई के मंडल प्रबंधक श्री जी. रमेश, उप संभागीय विपणन अधिकारी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *