नकली सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार..

छह बैंकों से लाखों की ठगी, नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई

हल्द्वानी।

नैनीताल पुलिस ने एक बड़े ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो बैंकों में नकली सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन की ठगी कर रहे थे। नैनीताल एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया।

ऐसे सामने आया मामला

एसएसपी के मुताबिक, हल्द्वानी के विभिन्न थानों में गोल्ड लोन देने वाले बैंकों की ओर से 6 अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। शिकायतों में बताया गया कि कुछ लोगों ने नकली सोने को असली बताकर गिरवी रखा और गोल्ड लोन प्राप्त कर लिया।

जब बैंकों ने गिरवी रखे गए सोने का ऑडिट कराया, तब सामने आया कि गहने नकली हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एसओजी की टीमों का गठन किया गया और जांच शुरू की गई।

ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नैनीताल रोड से दो आरोपियों — अभिषेक सिंह नेगी और पवन सिंह फर्स्वाण को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से 111 ग्राम नकली सोने की हॉलमार्क लगी चूड़ियां बरामद हुईं, जो जांच में पूरी तरह फर्जी निकलीं।

कबूल किया जुर्म, ऐसे करते थे ठगी

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नकली सोना दिल्ली से खरीदते थे, उस पर फर्जी हॉलमार्क लगवाते और फिर बैंक में गिरवी रखकर लोन लेते। बैंक कर्मचारियों को भी असली और नकली की पहचान नहीं हो पाती थी, आरोपियों ने बताया कि वे खासकर उन्हीं बैंकों को निशाना बनाते थे, जहां सोने की जांच कम स्तर पर होती थी। गोल्ड लोन की रकम गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।

गिरोह में शामिल हैं दिल्ली व अल्मोड़ा के लोग

पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि गिरोह का सरगना अल्मोड़ा से है, जबकि कई सदस्य दिल्ली से जुड़े हैं। अभिषेक सिंह नेगी मूल रूप से भाषौली, थाना सोमेश्वर, जिला अल्मोड़ा का निवासी है, जबकि पवन सिंह फर्स्वाण कपकोट, बागेश्वर का रहने वाला है।

60-70 लाख की ठगी का अनुमान

पुलिस के अनुसार अभिषेक सिंह नेगी पर 60-70 लाख रुपये तक के गोल्ड लोन लेने का संदेह है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी जांच हो रही है कि क्या इस पूरे रैकेट में बैंक कर्मचारी भी शामिल हैं।

एसएसपी नैनीताल प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि जल्द ही गिरोह के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और ठगी की पूरी चेन को उजागर किया जाएगा।