
किच्छा में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार को एक होटल में आयोजित व्यापार मंडल पदाधिकारियों की बैठक में चुनाव कराने को लेकर चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया। सतपाल गाबा को मुख्य चुनाव अधिकारी बनाया गया है।





रविवार को रुद्रपुर रोड स्थित एक होटल में जिलाध्यक्ष राजकुमार भुड्डी की अध्यक्षता में व्यापार मंडल पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इसके बाद जिलाध्यक्ष ने पत्रकारों को बताया कि किच्छा में व्यापार मंडल का कार्यकाल जनवरी में पूरा हो चुका है। दोबारा चुनाव कराने को लेकर बैठक की गई। सबकी रायशुमारी के बाद सर्वप्रथम चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया है। इसमें मुख्य चुनाव अधिकारी सतपाल गाबा को बनाया गया है। चुनाव अधिकारी के रूप में महादेव अग्रवाल, प्रकाश गोयल, रामबाबू, राजेन्द्र अरोरा, विनोद फुटेला और लियाकत अली रहेंगे। महादेव अग्रवाल को व्यापार मंडल प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी दी गई है। अगली रणनीति चुनाव संचालन समिति तय करेगी। मुख्य चुनाव अधिकारी सतपाल गाबा ने बताया कि चुनाव कराने के लिए पहले व्यापारियों का सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। सदस्यता शुल्क 150 रुपये होगा। चुनाव संचालन समिति की अगली बैठक में चुनाव को लेकर रुपरेखा बनाई जाएगी। बैठक में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश अरोरा, जिला कोषाध्यक्ष विनीत जैन, रामबाबू, महादेव अग्रवाल, प्रकाश गोयल, राजकुमार बजाज, विजय अरोरा, दानिश इकबाल आदि रहे।