*UdhamSinghNagar” भारत लौटे कनाडा में फंसे शहीद भगत सिंह के प्रपौत्र, पढ़िए पूरी ख़बर…*

करीब पांच साल से कनाडा में फंसे शहीद भगत सिंह के प्रपौत्र करनवीर सिंह संधू अपने गांव मड़ैया हट्टू लौट आए हैं। वह 2018 में पढ़ाई के लिए कनाडा गए थे। दस्तावेज खो जाने के कारण कनाडा में फंस गए थे। रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट के प्रयास से करनवीर संधू घर लौट आए हैं।

परिजनों के अनुसार अस्वस्थ होने के कारण करनवीर के सारे दस्तावेज खो गए थे। सालभर से परिवार से उनका संपर्क भी नहीं हो पाया। इस पर करनवीर के परिजनों ने भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा से संपर्क किया। जिलाध्यक्ष सुखीजा ने सांसद अजय भट्ट को मामले से अवगत कराया। रक्षा राज्य मंत्री भट्ट ने प्रयास पर मोदी सरकार ने कनाडा सरकार से संपर्क साधा। केंद्र सरकार ने इस मामले में पहल की और करनवीर संधू को सरकार के खर्चे पर भारत वापस लाया जा सका।

भाजपाइयों ने घर जाकर करनवीर का हाल जाना

बृहस्पतिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सुखीजा ने गांव मड़ैया हट्टू जनता फार्म पहुंचकर करनवीर का हाल जाना। उन्होंने कहा कि करनवीर को वापस लाने में मोदी सरकार की अहम भूमिका रही है। परिवार वालों ने जिलाध्यक्ष सुखीजा और सांसद अजय भट्ट का आभार जताया। इस मौके पर शहीद भगत सिंह के पौत्र विश्वजीत सिंह, भाजपा जिला मंत्री विकास गुप्ता, विट्टू, उमा जोशी, कन्नू जोशी आदि मौजूद रहे।