
अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के बाद श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। देश भर में उत्सव मनाए जा रहे हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम जी के अनन्य भक्त भक्ति भाव से विह्वल हैं। इसी क्रम में अमृतसर में पूरे शहर में राम नाम की गूंज है। रामलला के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। गुरु नगरी की नयन ग्लोबल फाउंडेशन ने तो घर-घर दीपक भेजने की क्रम किया है। फाउंडेशन के समस्त पदाधिकारी राम काज करने को आतुर हैं।





फाउंडेशन के अध्यक्ष धीरज गिल के अनुसार 22 जनवरी को पूरा शहर राममय होगा। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए उनकी ओर से एक लाख आठ हजार 101 दीये तैयार करवाए गए हैं। ये दीये शहर के सभी मंदिरों में भेजे गए हैं। मंदिरों में नतमस्तक होने आए श्रद्धालुओं को पुजारियों की ओर से ये दीये प्रसाद के रूप में दिए जाएंगे। प्रत्येक पैकेट में 11 दीये रखे गए हैं। धीरज गिल ने कहा कि श्रद्धालु जितने चाहे दीये ले जा सकते हैं।
16वीं शताब्दी में हुआ था बाबरी मस्जिद का निर्माण
1528 में मुगल सम्राट बाबर ने बाबरी मस्जिद का निर्माण किया था। इस स्थान पर ऐतिहासिक श्रीराम मंदिर था। इसे ध्वस्त कर क्रूर बाबर ने मस्जिद का निर्माण करवा दिया। राम भक्तों की कुर्बानियों और सरकार की दूरदर्शी सोच के बाद आज यहां फिर से राम मंदिर की स्थापना हुई है। राम मंदिर की स्थापना से देश में राम राज्य भी स्थापित होगा। धीरज गिल ने कहा कि यह सभी के लिए खुशी का असीम और अनन्त पल हैं कि श्रीराममंदिर में 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। यह एक ऐतिहासिक दिवस होगा।