मोदी सरकार के 12 साल: ऊधम सिंह नगर में विकास की रफ्तार तेज, मेडिकल कॉलेज से स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी तक बदली जिले की तस्वीर

Share the news

मोदी सरकार के 12 वर्ष: ऊधम सिंह नगर में विकास की नई इबारत, करोड़ों की परियोजनाओं से बदली तस्वीर

 

रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ऊधम सिंह नगर जनपद विकास, जनकल्याण और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों का साक्षी बना है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ जनपद के लाखों नागरिकों तक पहुंचा है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हुआ है।

 

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत जनपद में 10.78 लाख से अधिक लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है, जबकि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 10.74 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में 3,450 और शहरी क्षेत्र में 7,040 आवासों का निर्माण पूरा किया गया है। वहीं जल जीवन मिशन के माध्यम से 1.95 लाख से अधिक घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है।

 

किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में भी कई योजनाओं ने प्रभावी भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से 97 हजार से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं, जबकि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत एक लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से 92 हजार से अधिक लाभार्थियों को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के अंतर्गत ऊधम सिंह नगर को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जो जनजातीय कल्याण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है।

 

स्वास्थ्य क्षेत्र में रुद्रपुर में 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का लोकार्पण किया जा चुका है। इसके अलावा लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर का निर्माण कार्य जारी है। वहीं किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर की स्थापना की दिशा में भी कार्य प्रगति पर है।

 

परिवहन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परियोजना, रुद्रपुर रिंग रोड, काशीपुर बाईपास, गदरपुर और खटीमा बाईपास जैसी योजनाएं जनपद की कनेक्टिविटी को नई मजबूती प्रदान कर रही हैं। पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार के लिए 524.78 एकड़ भूमि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को हस्तांतरित की जा चुकी है।

 

औद्योगिक विकास के क्षेत्र में खुरपिया-किच्छा में लगभग 6,000 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी विकसित की जा रही है, जिससे भविष्य में करीब 75 हजार रोजगार सृजित होने की संभावना है। इसके अलावा सितारगंज में इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क और काशीपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर की स्थापना से निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में ऊधम सिंह नगर में विकास और जनकल्याण की जो नई गाथा लिखी गई है, वह केंद्र सरकार की दूरदर्शी सोच और जनहितकारी नीतियों का परिणाम है। आने वाले वर्षों में भी जनपद विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *