जम्मू में दम दिखाएगी उत्तराखंड की वोविनाम टीम, 110 सदस्यीय दल राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए रवाना

रुद्रपुर। जम्मू के भगवती नगर स्थित इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 3 से 6 सितंबर तक आयोजित होने वाली 15वीं राष्ट्रीय वोविनाम चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए उत्तराखंड की टीम रवाना हो गई। रुद्रपुर में भाजपा नेता एवं समाजसेवी भारत भूषण चुघ ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर टीम को रवाना किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि उत्तराखंड की टीम राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेगी।
वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष ऋषि पाल भारती ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर से एक हजार से अधिक खिलाड़ी सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन नवंबर में कंबोडिया में होने वाली एशियन वोविनाम चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में किया जाएगा।
उत्तराखंड की टीम में 93 खिलाड़ी और 17 रेफरी परीक्षा के लिए सहित कुल 110 सदस्य शामिल हैं। टीम के हेड कोच ऋषि पाल भारती और विश्वकेतु वैद्य हैं। इस अवसर पर संस्था के महासचिव विनोद लखेड़ा, तकनीकी निदेशक देवेंद्र रावत सहित अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
