रुद्रपुर के बड़े प्रोजेक्ट्स को मिलेगी रफ्तार, शहरी विकास सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण,

रुद्रपुर। शहर को आधुनिक और सुनियोजित रूप देने की दिशा में विकास योजनाओं को गति देने की कवायद तेज हो गई है। सोमवार को शहरी विकास सचिव नितेश झा ने महापौर विकास शर्मा और नगर निगम अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
सचिव ने किच्छा रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड, सीबीजी प्लांट, नगर निगम भवन और काशीपुर बाईपास रोड पर प्रस्तावित मल्टी कॉम्प्लेक्स की भूमि का जायजा लिया। इस दौरान पुरानी नगर निगम मार्केटों के कायाकल्प और पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय योजना पर भी चर्चा हुई।
महापौर विकास शर्मा ने शहर की प्रमुख समस्याओं जलभराव, ड्रेनेज और सीवर व्यवस्था के साथ पेयजल सुधार तथा विद्युत लाइनों को भूमिगत करने की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर के भविष्य को ध्यान में रखते हुए बड़े आधारभूत प्रोजेक्ट तैयार किए जा रहे हैं।

शहरी विकास सचिव ने योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने में आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। महापौर ने कहा कि शासन के सहयोग से रुद्रपुर को आधुनिक और आदर्श नगर निगम बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा।
