बाघ का कहर, घास लेने गई महिला को बनाया शिकार; दो किलोमीटर दूर मिला शव, ग्रामीणों में दहशत और वन विभाग के खिलाफ आक्रोश

Share the news

रामनगर वन प्रभाग के फतेहपुर रेंज क्षेत्र में जंगल घास लेने गई एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। महिला का क्षत-विक्षत शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर अंदर जंगल में बरामद हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी के कटघरिया क्षेत्र स्थित पनियाली जंगल निवासी कमला फर्त्याल रोज की तरह सुबह अकेले घास लेने जंगल गई थीं। दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद वन विभाग और मुखानी थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की टीम ने जंगल में सघन कांबिंग अभियान चलाया। तलाश के दौरान अलग-अलग स्थानों पर खून के धब्बे और महिला के कपड़े मिले। करीब दो किलोमीटर भीतर जंगल में महिला का शव बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया मामला बाघ के हमले का माना जा रहा है।

घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। गौरतलब है कि इससे पहले भी फतेहपुर रेंज के गांधी आश्रम क्षेत्र में बाघ एक महिला को अपना शिकार बना चुका है। उस घटना के बाद विभाग ने कैमरे और पिंजरे लगाए थे।

फतेहपुर रेंज के रेंजर प्रदीप अंगोला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और बाघ को ट्रैप करने के लिए जल्द ही कैमरे व पिंजरे लगाए जाएंगे। ग्रामीणों से फिलहाल जंगल की ओर न जाने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *