*नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा” मकान के ऊपर गिरी चट्टान से एक नेपाली मजदूर की मौत, एक घायल।*

बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर सोमवार रात बड़ा हादसा हो गया. बारिश के कारण एक चट्टान टूटकर श्रमिकों के मकान के ऊपर गिर गया. इस हादसे में एक नेपाली श्रमिक की मौत हो गई, दूसरा घायल है. वहीं कंचन नाला के पास भारी मात्रा में मलबा आने से बदरीनाथ नेशनल हाईवे बंद है।

मौके पर रात को ही पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने राहत बचाव कार्य किया, जानकारी के अनुसार मारवाड़ी चौकी के पास नेपाली मूल के कुछ लोग रहते थे. इनके आवासीय मकान के ऊपर देर रात अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूट कर गिर गया. पहाड़ी के मलबे में दो मजदूर दब गये. इसकी सूचना पुलिस और एसडीआरएफ को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर दोनों व्यक्तियों को मलबे से बाहर निकाला. तब एक व्यक्ति की मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गई थी. दूसरे व्यक्ति को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ भेजा गया, यहां उसका इलाज चल रहा है।

मृतक व्यक्ति का नाम एम बहादुर है. उसकी उम्र 25 वर्ष और वो सुखखेत नेपाल का रहने वाला है. घायल व्यक्ति का नाम दिनेश बाबू पुत्र प्रेम बहादुर है. प्रेम बहादुर की उम्र 22 वर्ष है और वो कालिकोट नेपाल का रहने वाला है. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी जा रही है।