रुद्रपुर/किच्छा। ऊधम सिंह नगर में बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत श्रम विभाग ने किच्छा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टायर सर्विस सेंटर से दो बाल श्रमिकों को काम करते हुए पकड़ा है। मामले में प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी और उप श्रम आयुक्त के निर्देश पर “जीरो चाइल्ड लेबर योजना” के अंतर्गत 4 जून से 30 जून तक जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 जून को श्रम विभाग की टीम ने किच्छा क्षेत्र में निरीक्षण किया। जांच के दौरान किशनपुर स्थित शकील टायर सर्विस में दो नाबालिग बच्चों को टायर रिपेयरिंग का कार्य करते हुए पाया गया।
श्रम विभाग के अनुसार बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के तहत बच्चों से श्रम कराना दंडनीय और संज्ञेय अपराध है। निरीक्षण में मिले दोनों बाल श्रमिकों की पहचान सोहेल और आमिर अली के रूप में हुई। बच्चों से काम कराए जाने पर प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ अधिनियम की धारा-3 के उल्लंघन का मामला दर्ज कराया गया है।
कार्रवाई के दौरान जिला टास्क फोर्स की टीम, श्रम विभाग, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




