रुद्रपुर। आरटीओ कार्यालय के बाहर दो निजी कारों को ही अवैध दफ्तर बनाकर वाहन स्वामियों से ठगी और अवैध वसूली का खेल चल रहा था। सरकारी शुल्क की सही जानकारी छिपाकर लोगों से निर्धारित रकम से अधिक वसूली की जा रही थी। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुमाऊं यूनिट ने पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर इस खेल में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 75 आरसी, सात ड्राइविंग लाइसेंस और 19 फॉर्म-30 समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि रुद्रपुर स्थित आरटीओ कार्यालय के समीप जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास दो अलग-अलग वाहनों में बैठकर कुछ लोग वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर वसूली कर रहे हैं। इस पर संयुक्त टीम ने दबिश देकर दोनों वाहनों की तलाशी ली। इनमें प्रवीण बाछाड़ निवासी दिनेशपुर और पंकज कांति सेन निवासी ट्रांजिट कैंप मिले।
तलाशी में एक लैपटॉप, प्रिंटर, इंटरनेट डिवाइस और दो वाहन भी बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूलने की बात बताई। एसटीएफ के अनुसार, कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार कराकर देने की बात भी सामने आई है। बरामद दस्तावेजों की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और अवैध वसूली का ब्योरा जुटाया जा रहा है।
