घर बैठे पेंसिल पैकिंग का झांसा देकर बुजुर्ग से एक लाख से अधिक की ठगी, नटराज पेंसिल्स कंपनी के नाम पर व्हाट्सऐप से भेजे मैसेज, रिफंड के नाम पर भी खाते में रकम जमा कराई

रुद्रपुर।

साइबर ठगों ने घर बैठे पेंसिल पैकिंग का काम दिलाने के नाम पर 64 वर्षीय बुजुर्ग को जाल में फंसाकर एक लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी कर ली। ठगों ने खुद को नटराज पेंसिल्स प्राइवेट लिमिटेड के पैकेजिंग विभाग का अधिकारी बताते हुए पहले काम और कमाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद अलग-अलग खातों में रकम जमा कराने और रिफंड के नाम पर ओटीपी व बैंक संबंधी जानकारी हासिल करने का प्रयास किया। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस को दी तहरीर में रुद्रपुर के आवास विकास निवासी नरेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें घर बैठे पेंसिल पैकिंग का काम करने की योजना के बारे में जानकारी मिली थी। इसमें 15 दिन काम के बदले 15 हजार रुपये और अगले 15 दिन के लिए कंपनी की ओर से पैकिंग सामग्री उपलब्ध कराने का झांसा दिया गया था। भरोसे में आकर उन्होंने आवेदन कर दिया।

इसके बाद उनके मोबाइल पर व्हाट्सऐप कॉल और मैसेज आने लगे। आरोपी ने अपना नाम पंकज सिंह मौर्या बताते हुए खुद को नटराज पेंसिल्स के पैकेजिंग विभाग का अधिकारी बताया। शुरुआत में 15 हजार रुपये जमा कराने के बाद अलग-अलग समय पर विभिन्न खातों और क्यूआर कोड पर रकम भेजने के लिए कहा गया।

तहरीर के मुताबिक पीड़ित से एयरटेल पेमेंट्स बैंक, आईसीआईसीआई बैंक समेत कई खातों में अलग-अलग रकम जमा कराई गई। एक खाते में 8199 रुपये तथा अन्य खातों में 3199 और 5000 रुपये समेत कई भुगतान कराए गए। इसके बाद ठग लगातार और रकम भेजने का दबाव बनाते रहे।

पीड़ित ने जब रकम वापस मांगनी शुरू की तो ठगों ने 19,500 रुपये रिफंड करने के नाम पर क्यूआर कोड भेजा। लगातार संदिग्ध संदेश और रकम की मांग होने पर उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ बैंक खाते व एटीएम कार्ड को बंद कराया। तहरीर के अनुसार 10 से 13 अगस्त के बीच ठगों ने करीब एक लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी की। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह को सौंपी है।