बड़ा हादसा” कार गहरी खाई में गिरी, एक पर्यटक की मौत, तीन घायल…

नैनीताल से लौट रहे बरेली के चार पर्यटकों की कार हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर बल्दियाखान के पास देर रात गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

कैसे हुआ हादसा?

देर रात करीब 12 बजे जोलीकोर्ट क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने खाई से आ रही आवाजें सुनी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से निकाला गया और प्राथमिक उपचार के लिए नैनीताल स्थित बीडी पांडे अस्पताल भेजा गया।

पर्यटक की मौत और घायलों का हाल

अस्पताल में इलाज के दौरान मौजूम (26), निवासी बड़ा बाजार, बरेली, की मौत हो गई। वहीं, अन्य तीन पर्यटक – युवराज (17), पारस रस्तोगी (18), और आलोक सक्सेना (42) – गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

नैनीताल घूमने आए थे पर्यटक

थानाध्यक्ष तल्लीताल रमेश बोहरा ने बताया कि ये पर्यटक नैनीताल घूमने आए थे और लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। स्थानीय प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

परिवार में शोक की लहर

इस हादसे से बरेली में मृतक के परिवार और दोस्तों में शोक की लहर है। प्रशासन ने सड़क सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की है।