रुद्रपुर। जाफरपुर मोड़ के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवविवाहिता की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। बाइक सवार दंपति को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल महिला को सरकारी अस्पताल के आपातकालीन विभाग में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, रामपुर के लोधा वाला स्वार निवासी लखविंदर सिंह अपनी पत्नी सुमन के साथ किच्छा से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। बताया गया कि जाफरपुर मोड़ के पास पहुंचते ही पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में सुमन को गंभीर चोटें आईं, जबकि लखविंदर भी घायल हो गए।
परिजन आनन-फानन में सुमन को सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक सुमन और लखविंदर की शादी इसी साल फरवरी में हुई थी। अभी शादी को महज छह महीने ही हुए थे। नवविवाहिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
घायल लखविंदर ने बताया कि वे किच्छा से अपने घर जा रहे थे। जाफरपुर मोड़ के पास पीछे से आए ट्रक ने बाइक के साइड में टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए।
परिजनों ने पुलिस को हादसे में शामिल ट्रक का नंबर PB 04 AE 8590 बताया है। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ट्रक नंबर के आधार पर चालक की तलाश में जुटी है।
