बगवाड़ा में अज्ञात वाहन की टक्कर से गई अमन की जान, परिजनों ने पत्नी पर साजिश रचकर हत्या कराने का लगाया आरोप
रुद्रपुर। बगवाड़ा के पास गुरुवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस में जमकर बवाल हो गया। मृतक के परिजनों ने मौत को सड़क हादसा मानने से इन्कार करते हुए उसकी पत्नी पर साजिश के तहत हत्या कराने का सनसनीखेज आरोप लगा दिया। आरोप लगते ही मृतक के मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
फाजलपुर महरौला के वार्ड 25 निवासी अमन कोली (28) पुत्र नन्हे लाल गुरुवार रात बगवाड़ा के पास पैदल सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
