Rudrapur ब्रेकिंग: शादी समारोह में शामिल होने जा रहे भाजपा कार्यकर्ता को अज्ञात वाहन ने कुचला, दर्दनाक मौत

रुद्रपुर। लालकुआं में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता की सड़क हादसे में मौत हो गई। बिंदुखेड़ा निवासी 46 वर्षीय भोलानाथ शर्मा को धर्मपुर और भूरारानी के बीच किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, भोलानाथ शर्मा शनिवार शाम करीब पांच बजे बिंदुखेड़ा स्थित अपने घर से लालकुआं जाने के लिए पैदल निकले थे। उन्हें ओमेक्स अंडरपास तक पहुंचना था, जहां से वाहन पकड़कर शादी समारोह में जाना था। वह धर्मपुर और भूरारानी के बीच पहुंचे ही थे कि इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

भोलानाथ शर्मा के निधन की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों में शोक छा गया। विधायक शिव अरोड़ा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने भोलानाथ शर्मा को पार्टी का समर्पित और वरिष्ठ कार्यकर्ता बताते हुए दुख जताया।

विधायक ने पुलिस से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अज्ञात वाहन की पहचान करने और चालक के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। साथ ही पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास करने का भरोसा दिया। फिलहाल पुलिस वाहन की तलाश में जुटी है।