दुष्कर्म और पॉक्सो के आरोपों से साक्ष्यों के अभाव में बरी
रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। खटीमा में चार साल पहले नाबालिग भतीजी को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने के मामले में रिश्ते के फूफा को अदालत ने चार साल एक माह के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। रुद्रपुर की विशेष अदालत ने अभियुक्त को नाबालिग के अपहरण का दोषी माना। साथ ही उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। हालांकि, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर अदालत ने इन धाराओं में उसे बरी कर दिया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, पीलीभीत जिले के अमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बांसखेड़ा निवासी शाकिर अपनी पत्नी के साथ खटीमा में अपने साले के घर रहकर सब्जी बेचने का काम करता था। रिश्ते में वह साले की बेटी का सगा फूफा लगता है। आरोप था कि 31 अक्टूबर 2022 की रात वह 15 साल पांच माह की भतीजी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। वह पीलीभीत, बरेली और आगरा होते हुए उसे अजमेर शरीफ ले गया था।
नाबालिग के घर से गायब होने पर पिता ने एक नवंबर 2022 को खटीमा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। चार नवंबर को अभियुक्त स्वयं नाबालिग के साथ थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश/एफटीएससी संगीता आर्य की अदालत में हुई। बचाव पक्ष ने पैसों के लेन-देन के विवाद में झूठा फंसाने की दलील दी, लेकिन अदालत ने इसे स्वीकार नहीं किया। अदालत ने स्पष्ट किया कि घटना के समय पीड़िता नाबालिग थी, इसलिए उसकी सहमति का कानूनी महत्व नहीं है।
वहीं, मेडिकल और एफएसएल देहरादून की डीएनए रिपोर्ट से दुष्कर्म की पुष्टि नहीं होने पर अदालत ने अभियुक्त को धारा 366ए, 376(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 से बरी कर दिया। अपहरण की धारा 363 में दोषी ठहराते हुए चार साल एक माह की कैद सुनाई। जुर्माना नहीं देने पर तीन माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। अभियुक्त को हल्द्वानी उपकारागार भेजने के आदेश दिए गए हैं।
