एसएसपी अजय गणपति ने एनएचएआई और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ खुद परखी सड़क सुरक्षा व्यवस्था, थानों से भी मांगी रिपोर्ट
रुद्रपुर। जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर सुधार की कवायद तेज कर दी है। एसएसपी अजय गणपति ने एनएचएआई और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ जिले के प्रमुख दुर्घटना संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। साथ ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सभी थाना और चौकी प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जरूरी सुधार कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में एमेनिटी स्कूल चौराहा, बगवाड़ा मंडी गेट, गाबा चौक, राधा स्वामी सत्संग गेट, नगला बाईपास, संजय वन, लालपुर और तुलसी द्वार समेत कई स्थानों पर सड़क सुरक्षा व्यवस्थाएं परखी गईं। पुलिस ने जिले के सभी थानों, यातायात और सीपीयू इकाइयों से भी अपने क्षेत्रों के दुर्घटना संभावित स्थलों की रिपोर्ट तैयार कराई है।
रिपोर्ट में जसपुर से खटीमा तक प्रमुख मार्गों के 100 से अधिक स्थानों पर सुधार की जरूरत सामने आई है। इनमें अनावश्यक कट बंद करने, स्पीड ब्रेकर, स्ट्रीट लाइट, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड, ब्लिंकर और क्रैश बैरियर लगाने जैसे सुझाव शामिल हैं। एसएसपी ने ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट और रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर सख्ती के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को सुधारात्मक कार्यवाही के लिए पत्राचार भी किया गया है।
