रुद्रपुर। बाइक पर सवार होकर महिलाओं के कानों से सोने के कुंडल झपटने वाले महिला और पुरुष को ट्रांजिट कैंप पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने दो अलग-अलग घटनाओं में महिलाओं को निशाना बनाया था। पुलिस ने उनके कब्जे से छिनैती किए गए दोनों सोने के कुंडल बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को बालाजी पुरम निवासी मुनेन्द्र सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि उनकी मां घर से किसी काम से निकली थीं। इसी दौरान बाइक सवार महिला और पुरुष उनके कानों से सोने के कुंडल झपटकर फरार हो गए। इसी दिन ट्रांजिट कैंप निवासी उर्मिला राय ने भी शिकायत दर्ज कराई कि दुर्गा मंदिर से पूजा कर लौटते समय बाइक सवार महिला-पुरुष उनके कुंडल छीन ले गए। दोनों घटनाओं में एक ही बाइक का इस्तेमाल हुआ था।
मामले की जांच में जुटी पुलिस ने 20 नवंबर को आनंदपुर रोड स्थित परमल टाउन के पास घेराबंदी कर राहुल रस्तोगी निवासी ट्रांजिट कैंप और रवीना निवासी बिसातगंज, बरेली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में दोनों के पास से एक-एक सोने का कुंडल मिला। पीड़िताओं ने बरामद कुंडलों की पहचान कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
