65 हजार रुपये कीमत के चांदी के टुकड़े और 20 हजार रुपये नकद बरामद, दो आरोपी अब भी फरार
काशीपुर। कुंडेश्वरी रोड स्थित साईं मंदिर में चांदी की मूर्तियां चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मेरठ के हस्तिनापुर निवासी त्रिलोक सिंह उर्फ शोले के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई चांदी के कटे हुए टुकड़े, जिनकी कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है, और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर की रात कुंडेश्वरी रोड स्थित साईं मंदिर से चांदी की मूर्तियां चोरी कर ली गई थीं। 16 सितंबर को साईं पब्लिक स्कूल के एडमिन मनोज ऐरी की तहरीर पर कोतवाली काशीपुर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों ने मंदिर और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में दो संदिग्ध नजर आए। उनकी आवाजाही का पता लगाने के लिए पुलिस ने मुरादाबाद, हापुड़ और दिल्ली तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। जांच में सामने आया कि संदिग्ध केटीएम ड्यूक बाइक से घटनास्थल तक पहुंचे थे। बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान और तलाश शुरू की। इसी क्रम में 18 नवंबर को कुंडा थाना क्षेत्र में हाईवे को जोड़ने वाली सर्विस रोड पर किमाया रिसोर्ट के पास से त्रिलोक सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मंदिर में चोरी करने और चुराई गई संपत्ति आपस में बांटने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक, चोरी का एक हिस्सा मंदिर की रेकी कराने वाले व्यक्ति को देने के लिए वह काशीपुर आया था। इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मामले में मनप्रीत सिंह उर्फ सन्नी और रेकी कराने के आरोपी अवतार सिंह की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार त्रिलोक सिंह के खिलाफ गदरपुर और दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा दिल्ली के खैला और हरियाणा के फरीदाबाद में भी उसके खिलाफ मुकदमे होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
