कुंभ में बिछड़े पिता को दो साल बाद मिला परिवार, वीडियो कॉल पर देखते ही छलक पड़े बेटे के आंसू

प्रयागराज कुंभ में परिवार से बिछड़कर कलियर पहुंच गए थे बिहार के बुजुर्ग, भिक्षावृत्ति कर कर रहे थे गुजारा

सत्यापन अभियान में पहचान हुई तो एएचटीयू और कलियर पुलिस ने परिजनों से मिलाया, सीआईएसएफ में तैनात है बेटा

हरिद्वार। प्रयागराज कुंभ में दो साल पहले परिवार से बिछड़े बिहार के एक बुजुर्ग को आखिरकार अपनों का साथ मिल गया। हरिद्वार के कलियर शरीफ में भिक्षावृत्ति कर रहे करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग की पहचान होने पर पुलिस ने उनके परिजनों से संपर्क किया। वीडियो कॉल पर पिता को देखते ही बेटे की आंखों से आंसू छलक पड़े। पिता के जीवित मिलने की खबर पर परिजन रात में ही हरिद्वार पहुंच गए। गुरुवार को कलियर पहुंचकर बुजुर्ग को अपने साथ घर ले गए। बुजुर्ग का बेटा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में उप निरीक्षक के पद पर तैनात है।

पुलिस के अनुसार, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में जिले में सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएचटीयू और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम संदिग्ध और लावारिस हालत में घूम रहे लोगों का सत्यापन कर रही थी। इस दौरान कलियर शरीफ मजार परिसर में जूता स्टॉल के पास एक बुजुर्ग लोगों से खाने-पीने की चीजें और रुपये मांगते मिले। टीम में शामिल कांस्टेबल मुकेश कुमार ने उनसे बातचीत की। पूछताछ में बुजुर्ग ने अपना संबंध बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र से बताया।

बुजुर्ग ने बताया कि वह गांव के लोगों के साथ प्रयागराज कुंभ में स्नान करने गए थे। इसी दौरान परिवार से बिछड़ गए। इसके बाद काफी समय तक इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन परिवार से संपर्क नहीं हो सका। बुजुर्ग के बताए पते के आधार पर पुलिस ने औरंगाबाद के कुटुंबा थाना पुलिस से संपर्क किया। वहां से परिजनों की जानकारी जुटाकर पुलिस ने उन्हें बुजुर्ग की फोटो और अन्य विवरण भेजे। इसके बाद पुलिस ने वीडियो कॉल के जरिये बुजुर्ग की उनके बेटे अंकित से बात कराई। पिता को देखते ही बेटे ने उन्हें पहचान लिया। दो साल से पिता की तलाश कर रहे बेटे की आंखों से आंसू छलक पड़े। उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता गांव के लोगों के साथ कुंभ में गए थे और वहीं से लापता हो गए थे। परिवार ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

पिता के मिलने की सूचना पर परिजन रात में ही ट्रेन से हरिद्वार पहुंच गए। गुरुवार को कलियर पहुंचकर बेटे ने पिता को गले लगा लिया। दो साल बाद पिता-पुत्र के इस मिलन को देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी भावुक हो गए। पुलिस ने बुजुर्ग को उनके बेटे और परिचितों के सुपुर्द कर दिया। एसपी देहात अभय प्रताप सिंह ने बताया कि सत्यापन अभियान के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संबंधित थाना पुलिस से समन्वय कर बुजुर्ग के परिजनों को तलाशा और उन्हें परिवार से मिलाया।