रुद्रपुर। खाद वितरण के लिए लागू ई-टोकन व्यवस्था के विरोध में गुरुवार को खाद व्यापारी सड़क पर उतर आए। उत्तराखण्ड फर्टिलाइजर्स एंड पेस्टीसाइड्स एसोसिएशन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने जिला मुख्य कृषि अधिकारी कार्यालय पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने कार्यालय का घेराव कर मुख्य कृषि अधिकारी को काफी देर तक वहीं बैठाए रखा। इस दौरान ई-टोकन व्यवस्था को किसानों और खाद कारोबारियों के लिए परेशानी का सबब बताते हुए इसे तत्काल स्थगित करने की मांग उठाई गई।
कार्यालय में घेराव के बाद जब मुख्य कृषि अधिकारी डीएम कैंप कार्यालय जाने के लिए अपनी गाड़ी में सवार हुए तो व्यापारियों ने विरोध का तरीका और कड़ा कर दिया। प्रदर्शनकारी अधिकारी की गाड़ी के आगे बैठ गए और रास्ता रोक दिया। इसके चलते अधिकारी को गाड़ी छोड़कर पैदल ही डीएम कैंप कार्यालय जाना पड़ा। बड़ी संख्या में व्यापारी भी उनके साथ कैंप कार्यालय पहुंचे। वहां एडीएम निर्मला बिष्ट को ज्ञापन सौंपकर ई-टोकन व्यवस्था को 31 मार्च 2027 तक स्थगित करने की मांग की गई।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लाल खुराना की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि ई-टोकन प्रणाली लागू करने का उद्देश्य सराहनीय है, लेकिन जमीनी स्तर पर किसानों को इसकी पर्याप्त जानकारी नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट नेटवर्क, दूरभाष सुविधाओं और डिजिटल साक्षरता की कमी के कारण किसान ई-टोकन प्राप्त करने में परेशान हो रहे हैं। इससे खाद वितरण में देरी हो रही है और आगामी फसल प्रभावित होने की आशंका है।
एसोसिएशन ने मांग की कि 31 मार्च 2027 तक पुरानी व्यवस्था से ही खाद वितरण जारी रखा जाए। इस अवधि में किसानों को नई प्रणाली का पर्याप्त प्रशिक्षण और जागरूकता दी जाए, ताकि व्यवस्था लागू होने पर उन्हें परेशानी न उठानी पड़े।
