रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बाइक सवार झपटमारों के हौसले बुलंद हैं। युवक और युवतियों की जोड़ी ने अलग-अलग दिनों में दो महिलाओं को निशाना बनाकर उनके कानों से सोने के कुंडल झपट लिए। दोनों घटनाओं में एक ही बाइक नंबर सामने आया है। लगातार हुई इन वारदातों से क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पहली घटना 23 अक्तूबर को बालाजीपुरम कॉलोनी फुलसुंगा में हुई। कॉलोनी निवासी मुनेन्द्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी मां मुनका देवी दोपहर करीब एक बजे पोते को स्कूल से लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार एक युवक और युवती आए और उनके कान से सोने का कुंडल खींचकर शिमला बहादुर की ओर फरार हो गए। बाइक का नंबर यूके06बीएम3933 बताया गया है। घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं।
दूसरी घटना पांच नवंबर को दोपहर करीब 2:20 बजे दुर्गा मंदिर के पास केशव मेडिकल स्टोर के सामने हुई। वार्ड नंबर दो निवासी उर्मिला राय वहां से गुजर रही थीं। तभी बाइक सवार युवक और पीछे बैठी महिला उनके कान से सोने का कुंडल झपटकर भाग निकले। इस घटना में भी बाइक का नंबर यूके06बीएम3933 बताया गया है।
दोनों पीड़ित पक्षों ने 18 नवंबर को ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक ही बाइक नंबर सामने आने से दोनों घटनाओं के बीच कड़ी जुड़ने की आशंका है।
