नितेश हत्याकांड: छठा आरोपी अमन प्रजापति भी बरेली से गिरफ्तार, छह आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ सभी नामजद सलाखों के पीछे

रुद्रपुर। जिला अस्पताल में मोबाइल शॉप संचालक नितेश जौहरी हत्याकांड में पुलिस ने छठे आरोपी अमन प्रजापति को भी गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के मीरगंज क्षेत्र के सिंधौली से पकड़ा। इसके साथ ही हत्याकांड में अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें मुख्य आरोपी विकास कुमार भी शामिल है, जिसे पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।

13 नवंबर को जगतपुरा में सीसीटीवी कैमरे की दिशा को लेकर प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम संचालकों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद जिला अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच दोबारा मारपीट हो गई। इस दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर नुकीली वस्तु से हमला किया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी, जबकि उसके भाई दिनेश और कमलेश कुमार घायल हुए थे।

मामले में पुलिस ने आकाश कुमार और विनोद कुमार को 13 नवंबर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद मुख्य आरोपी विकास कुमार को बरेली के इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया। रुद्रपुर लाते समय पुलभट्टा क्षेत्र में उसने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया था। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया था। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और टी-शर्ट भी बरामद की गई थी।

14 नवंबर को अमन कुमार और भोला उर्फ देव मंडल को गिरफ्तार किया गया था। अब छठे आरोपी अमन प्रजापति की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने हत्याकांड में नामजद सभी छह आरोपियों को पकड़ लिया है। पांच आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है।