पिता की हत्या का बदला लेने के लिए रची खूनी साजिश, पहले विमला देवी को उतारा मौत के घाट, फिर थी दो बेटों की बारी! सेना का जवान गिरफ्तार

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में विमला देवी हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुरानी रंजिश में महिला की हत्या की साजिश रचने वाला मुख्य आरोपी भारतीय सेना का जवान निकला। पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल समेत तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पिता की हत्या का बदला लेने के लिए मोहित ने विमला देवी को निशाना बनाया था। इतना ही नहीं, वह महिला की हत्या के बाद उसके दोनों बेटों को भी मौत के घाट उतारने की योजना बना चुका था।

बृहस्पतिवार को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने प्रेसवार्ता कर हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 10 नवंबर को पुलिस को डायल 112 के माध्यम से किशनपुर छोई गांव में एक महिला का शव घर के बाहर पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को 56 वर्षीय विमला देवी का शव मिला। महिला के सिर और शरीर पर चोट के कई गंभीर निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी समेत कई पुलिस टीमें गठित की गईं।

पुलिस ने मैनुअल जांच, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो तीन संदिग्ध महिला को अपने साथ ले जाते दिखाई दिए। जांच आगे बढ़ी तो पुरानी रंजिश में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी मोहित के पिता गोविंद सिंह की करीब तीन साल पहले हत्या हुई थी। इस मामले में विमला देवी के दोनों बेटे आरोपी बनाए गए थे और जेल भी गए थे। मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। इसी रंजिश को लेकर मोहित के मन में महिला और उसके परिवार के प्रति दुश्मनी थी। आरोप है कि मोहित ने दो अन्य युवकों सैरान और मो. अब्बूजर को अपने साथ मिलाकर हत्या की योजना बनाई। तीनों विमला देवी को अपने साथ गाड़ी में ले गए। वहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और धापला पुल की ओर ले जाकर पानी में डुबो दिया। इसके बाद भी मारपीट की गई। हत्या के बाद शव को वापस लाकर घर के पास फेंक दिया।

एसएसपी के अनुसार, मोहित की योजना विमला देवी के दोनों बेटों की हत्या करने की भी थी, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पहले ही तीनों आरोपी पकड़ लिए गए। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल गाड़ी, लोहे की पाट, लाठी-डंडे, पत्थर और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस तीनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी

मोहित फर्त्याल (32), निवासी किशनपुर छोई, रामनगर।

सैरान (21), निवासी खताड़ी, रामनगर।

मो. अब्बूजर (22), निवासी खताड़ी, रामनगर।